नर्मदापुरम: इटारसी में नगर पालिका सभापति के बेटे पर चाकू से हमला, चेहरे पर आए 15 टांके
इटारसी, 09 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शुक्रवार देर रात फोरलेन हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर खूनी संघर्ष की घटना सामने आई है। सिगरेट मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद में 4-5 बदमाशों ने नगर पालिका सभापति मीरा यादव के बेटे आकाश यादव और ढाबे के एक कर्मचारी तुलसी अहिरवार पर चाकू और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। हमले में आकाश यादव के चेहरे पर कान से लेकर मुंह तक गंभीर चोट आई है। इलाज कर रहे डॉ. आर. दयाल के अनुसार, चेहरे पर गहरा घाव होने के कारण करीब 12 से 15 टांके लगाए गए हैं और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, कर्मचारी तुलसी अहिरवार की जांघ और कूल्हे पर चाकू के वार किए गए हैं, साथ ही लाठियों से मारपीट के कारण उन्हें अंदरूनी चोटें भी आई हैं। दोनों का उपचार फिलहाल एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
इटारसी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि प्राथमिक जांच में हमलावरों की पहचान मिंटू और शंभू सहित उनके अन्य साथियों के रूप में हुई है। मिंटू नगर पालिका का सफाई कर्मचारी है। एक दिन पहले भी इसी ढाबे पर आकाश और इन युवकों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पीड़ित आकाश यादव ने बताया कि बदमाशों ने सिगरेट की मांग को लेकर बहस शुरू की और देखते ही देखते हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस अब इस मामले की भी जांच कर रही है कि हाईवे किनारे संचालित होने वाले इन ढाबों पर रात के समय होने वाली गतिविधियों और आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड का क्या संबंध है। हालांकि, अस्पताल में भर्ती पीड़ितों ने फिलहाल विस्तृत बयान देने से इनकार किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

