नर्मदापुरम: नागद्वारी मेले से लौट रही बस पेड़ से टकराई, 7 श्रद्धालु घायल

WhatsApp Channel Join Now
नर्मदापुरम: नागद्वारी मेले से लौट रही बस पेड़ से टकराई, 7 श्रद्धालु घायल


नर्मदापुरम, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में एक यात्री बस मंगलवार को रिछेड़ा मुख्य मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। गाय के बछड़े को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में 7 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें खंडवा जिले की एक महिला को सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके बाद उसे 12 टांके लगाए गए।

जानकारी के अनुसार बस क्रमांक जीजे 18 एएक्स 2924 पचमढ़ी के नागद्वारी मेले से करीब 35 श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही थी। इस दाैरान रिछेड़ा मुख्य मार्ग पर अचानक एक गाय का बछड़ा बस के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का तेज रफ्तार बस पर नियंत्रण नहीं रहा। बस सड़क से उतरकर सीधे नीम के पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बिलखेड़ी, खंडवा निवासी 28 वर्षीय अंजलि के सिर में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उनके सिर में करीब 12 टांके लगाए। वहीं, अन्य 6 श्रद्धालुओं को भी चोटें आई हैं। थाना प्रभारी मदन पवार और डॉक्टर राजकुमार विश्वकर्मा के अनुसार, सभी घायलों को पिपरिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

ये श्रद्धालु हुए घायल

हादसे में रोशन यादव (23), बाबूलाल (32), शंकर लाल गोहिया (65), अंजलि (28), कृष्ण लाल (24), गजानंद (49) और जगदीश (48) घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story