नर्मदा स्नान के लिए निकले किसान की सड़क हादसे में मौत, कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर

WhatsApp Channel Join Now
नर्मदा स्नान के लिए निकले किसान की सड़क हादसे में मौत, कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर


ढाई महीने पहले ही जुड़वा बेटों से गूंजा था घर

भोपाल, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में भोपाल-इंदौर बाइपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए नर्मदापुरम जा रहे किसान की बाइक को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरीनारायण गुर्जर (33) निवासी देवबरखेड़ी, बैरसिया रोड के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार रात 12 बजे हरीनारायण अपनी पल्सर बाइक से अकेले नर्मदा स्नान के लिए नर्मदापुरम रवाना हुए थे। इसी दौरान भोपाल-इंदौर बाइपास पर ओवरटेक करते समय एक कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरीनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सूखी सेवनिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

10 साल बाद घर आई थीं खुशियां, हादसे ने सब छीन लिया

परिजनों ने बताया कि हरीनारायण की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। लंबे इंतजार, उपचार और मन्नतों के बाद करीब ढाई महीने पहले उनके घर जुड़वा बेटों का जन्म हुआ था। बच्चों के आने से परिवार में खुशियों का माहौल था और पूरा परिवार नए जीवन का उत्सव मना रहा था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने उन खुशियों को मातम में बदल दिया। परिजनों के मुताबिक हरीनारायण धार्मिक आस्था के चलते सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए निकले थे। रास्ते में हुए हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार कंटेनर चालक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story