जबलपुरः बरगी डेम के नौ के बाद चार गेट और खुले, उफान पर नर्मदा, धुंआधार हुआ गायब
जबलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बाँध के जल स्तर को नियंत्रित करने जल निकासी की मात्रा बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन ने गुरुवार दोपहर बाँध के 4 गेट और खोल दिये।
इसके पूर्व 9 गेटों से जल निकासी की जा रही थी। अब सभी 13 जल द्वारों से 3 हजार 988 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा हैI नर्मदा का जलस्तर बढ़ने के साथ उसका विकराल रूप दिखना शुरू हो गया है। इसके चलते भेड़ाघाट स्थित धुआंधार जलप्रपात पूर्णतः गायब हो गया है। जलधारा के प्रवाह के चलते सभी घाट डूब गए है।
जलस्तर में और वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के साथ अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने नर्मदा नदी के निचले घाटों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा है। जलस्तर वृद्धि को देखते हुए संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
परियोजना प्रशासन के मुताबिक आज गुरूवार 20 अगस्त की सुबह 8 बजे बांध का जल स्तर 421.15 मीटर आंका गया था और उस समय बांध में 1 हजार 761 क्यूमेक पानी की आवक हो रही थी। परियोजना प्रशासन ने बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गुरूवार को दोपहर जल की निकासी को 1 हजार 031 क्यूमेक से बढाकर 3 हजार 988 क्यूमेक किया गया। अब 13 जल द्वार 2.15 मीटर औसत ऊचाई पर खुले हैं जिनसे पानी छोड़ा जा रहा है।
गेट खुलने के बाद तेज बहाव और ऊंची जलधाराओं का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बांध क्षेत्र में पहुंच गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

