राजगढ़ः नैतिक शिक्षा से ही चरित्र निर्माण, गुणवान बच्चे देश की सच्ची संपत्ति- भगवान भाई

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः नैतिक शिक्षा से ही चरित्र निर्माण, गुणवान बच्चे देश की सच्ची संपत्ति- भगवान भाई


राजगढ़,21 अगस्त (हि.स.)। उठो युवा जागो अभियान में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भौतिक शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा भी जरूरी है। नैतिक शिक्षा से ही अच्छे संस्कार और चरित्र का निर्माण होता है, जबकि चरित्र निर्माण ही शिक्षा का मूल उद्देश्य है। आज भौतिक शिक्षा बच्चों को भौतिकता की ओर ले जा रही है, ऐसे में उनमें नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करना बेहद आवश्यक है।

यह बात शुक्रवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में माउंट आबू राजस्थान से आए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोगी ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल एवं प्रगति पथ पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों को ‘जीवन में नैतिक शिक्षा का महत्व’ विषय पर संबोधित करते हुए कही।

भगवान भाई ने कहा कि नैतिक मूल्यों का ह्रास व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीय समस्याओं का प्रमुख कारण है। नैतिक मूल्यों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और आत्मचेतना मजबूत होती है। वे सही समय पर सही निर्णय लेने में सक्षम बनते हैं। भौतिक शिक्षा से रोजगार प्राप्त किया जा सकता है, लेकिन जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए नैतिक मूल्यों का होना जरूरी है। नैतिक शिक्षा से व्यक्तित्व में निखार और व्यवहार में सुधार आता है।

उन्होंने कहा कि नैतिक शिक्षा बच्चों को संस्कारों से जोड़ने के साथ उन्हें कर्तव्यों का ज्ञान कराती है। इससे सद्गुणों का विकास होता है और बच्चे सामाजिक परंपराओं एवं जिम्मेदारियों को समझते हैं।

स्थानीय ब्रह्माकुमारी राजयोग सेवाकेंद्र की संचालिका बीके लक्ष्मी दीदी ने कहा कि बचपन से अच्छे संस्कार पाने वाले बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होता है। राजगढ़ सेवाकेंद्र की राजयोग शिक्षिका बीके सुमित्रा दीदी ने विद्यार्थियों को राजयोग केंद्र आने का निमंत्रण दिया। प्राचार्य राकेश गोयल और प्राचार्य महेश त्यागी ने भी नैतिक शिक्षा को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में भगवान भाई ने विद्यार्थियों से विभिन्न गतिविधियां कराकर बुद्धि विकास और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। इस दौरान शिक्षक-स्टाफ मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story