मप्र के मैहर में ट्रक की टक्कर से कार सवार नागपुर के दंपति की मौत, मासूम समेत चार घायल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मैहर में ट्रक की टक्कर से कार सवार नागपुर के दंपति की मौत, मासूम समेत चार घायल


मैहर, 02 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर मंगलवार शाम को एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में नागपुर लौट रहे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल है। सभी घायलों को कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी रामदास डोंगरे (60) और उनकी पत्नी सत्यभामा डोंगरे (50) मंगलवार को अपने परिवार के साथ मां शारदा के दर्शन करने के मैहर आए थे। दर्शन के बाद शाम को परिवार कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान शाम को अमदरा गांव के पास उनकी टाटा पंच कार को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दंपती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए।

राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में सारिका विशन, नेहा डोंगरे (25), विहान (4 माह) और नितिन (35) शामिल हैं। सभी का उपचार अस्पताल में जारी है। अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story