नागदा - अग्रवाल समाज की महिलाओं ने धूमधाम से मनाया गणगौर
नागदा, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा शहर में गणगौर उत्सव के अवसर पर अग्रवाल समाज की महिलाओं बुधवार को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ पारंपरिक आयोजन किया। समाज के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
शोभायात्रा का शुभारंभ नीलकंठ महादेव मंदिर से हुआ, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए अग्रवाल समाज धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर सिर पर कलश धारण किए और गणगौर के लोकगीतों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। जगह-जगह ‘झाले’ देकर उत्सव का उल्लास प्रकट किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की सभी आयु वर्ग की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे आयोजन में भक्ति और सांस्कृतिक रंगत नजर आई।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

