इंजन में तकनीकी खराबी से नागदा-उज्जैन रेल मार्ग बाधित, कई ट्रेनें डेढ़ घंटे तक रुकीं
नागदा, 3 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन-नागदा रेलखंड पर शुक्रवार सुबह एक ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस (19711) के इंजन में पेंटोग्राफ में खराबी आने के कारण कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस के इंजन में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते मुंबई सेंट्रल-इंदौर अवंतिका एक्सप्रेस (12961) करीब डेढ़ घंटे तक पिपलोदा बंगाला और उन्हेल स्टेशन के बीच खड़ी रही। वहीं नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस (12416) को भी लगभग डेढ़ घंटे तक नागदा स्टेशन पर रोकना पड़ा।
इसके अलावा उज्जैन-नागदा पैसेंजर को नईखेड़ी स्टेशन पर रोकना पड़ा, जबकि साप्ताहिक ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस भी इस तकनीकी बाधा से प्रभावित रही।
रेलवे अधिकारी एम.के. पांडे ने बताया कि जयपुर-भोपाल ट्रेन के इंजन के पेंटोग्राफ में तकनीकी खराबी आने से यह स्थिति बनी। खराबी दूर होने के बाद रेल यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया गया। हालांकि, इस दौरान यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

