नागदाः तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, शहीदों को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
नागदाः तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, शहीदों को किया नमन


-सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान, पुष्पवर्षा के बीच गूंजे भारत माता के जयकारे

नागदा, 13, अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व नगर मंडल भाजपा द्वारा शुक्रवार सुबह तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में नगरवासियों का राष्ट्रप्रेम और उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और अखंडता का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं जय हिंद के जयघोष से नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

यात्रा का शुभारंभ पुराना बस स्टैंड से हुआ। यहां भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आरती की गई। जनप्रतिनिधियों के साथ सेवानिवृत्त सैनिकों ने भी आरती में सहभागिता की। इसके बाद सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान कर राष्ट्रसेवा में उनके योगदान और त्याग को नमन किया गया।

आरती एवं सम्मान समारोह के बाद डीजे, ढोल और बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई। महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। तिरंगे से सजे मार्ग और देशभक्ति गीतों ने वातावरण को उत्साह और राष्ट्रप्रेम से भर दिया। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, भाजपा उज्जैन जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, जिला महामंत्री राकेश यादव, जिला महामंत्री राजेंद्र अवाना, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोष गहलोत, अध्यक्ष प्रतिनिधि ओ.पी. गेहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, नगर महामंत्री दौलतराम प्रजापत, नगर महामंत्री सूरज मकवाना, गोपाल यादव, धर्मेश जायसवाल, तिरंगा यात्रा प्रभारी हिम्मत सिंह राठौर, विनय लक्की गुर्जर, अभिषेक पोरवाल, दीपक जैन सहित भाजपा पदाधिकारी, महिला नगर मंडल, महिला मोर्चा, मातृशक्ति, युवा और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

नगर के विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता ने सर्वसमाज की एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पुराना बस स्टैंड से शुरू हुई यात्रा जवाहर मार्ग, किरण टॉकीज होते हुए कन्या शाला चौराहे पहुंची।कन्या शाला चौराहे पर तिरंगा यात्रा सभा में परिवर्तित हुई। यहां राष्ट्रगान जन-गण-मन के साथ यात्रा का गरिमामय समापन हुआ। जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Share this story