नागदाः मुकेश की याद में सजी सूरों महफ़िल, कलाकारों ने बांधा समां
नागदा, 01 सितंबर ( हि.स.)। महान पार्श्व गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर सोमवार की रात मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में ‘मुकेश म्यूजिकल नाइट’ का आयोजन किया गया। जीनी म्यूजिकल ग्रुप के तत्वावधान में हुई संगीत संध्या में नागदा एवं इंदौर के गायक कलाकारों ने मुकेश के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां देकर उन्हें स्वरांजलि अर्पित की। मधुर गीतों ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
कार्यक्रम की रूपरेखा ग्रुप के संरक्षक राधाकिशन कदम ने तैयार की। इस अवसर पर ग्रुप सदस्य एवं एडवोकेट रफीक खान का जन्मदिन भी मनाया गया। साथी कलाकारों एवं अतिथियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। गायक कलाकार देव बम्बीवाल, अजय गरवाल, अशोक पांचाल, संतोष जोशी, फारुख अगवान, भरत शर्मा, श्रेया बघेल, राजेश उचेनिया, सुरेश चौहान, अर्जुन निम्बोला (मीनावाड़ा), हीरालाल राठौर एवं कमल (झारड़ा) ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इंदौर के केकेसी क्लब के संस्थापक दीपक पाठक, कार्यकारी अध्यक्ष मनीष पगारे सहित अजय डाबी, दीपक शर्मा, महेश शर्मा, मनीष गुप्ता, किरण कोटस्थाने, रेखा वर्मा एवं लक्ष्मी शर्मा ने भी गीतों की प्रस्तुतियां दीं।
‘मैं पल दो पल का शायर हूं...’ पर भावविभोर हुए श्रोता
मुकेश के लोकप्रिय गीत ‘मैं पल दो पल का शायर हूं...’ की पंक्तियां गूंजते ही श्रोता भावविभोर हो उठे। गीतों के माध्यम से मुकेश की सादगीपूर्ण आवाज और गायकी की यादें ताजा हो गईं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जीनी म्यूजिकल ग्रुप के संस्थापक जीनी पूजा नेल्सन एवं जावेद खान, सदस्य रमाकांत मावर, अजय श्रीवास्तव, गोवर्धन सोलंकी, प्रवीण शुक्ला एवं मोनिका शेखावत मौजूद रहे। नागदा अभिभाषक संघ अध्यक्ष विजय वर्मा, लक्ष्मण सुंदरा, अक्षत, अफरोज, जेना श्रीमाल,
योगेश शुक्ला एवं दिलीप कांठेड़ सहित बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी उपस्थित रहे। संचालन जीनी नेल्सन एवं जावेद खान ने संयुक्त रूप से किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

