उज्ज्वला योजना में गड़बड़झाला: दो महिलाओं के नाम पर 60 सिलेंडरों की अवैध डिलीवरी, गैस एजेंसी संचालक पर कार्रवाई की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
उज्ज्वला योजना में गड़बड़झाला: दो महिलाओं के नाम पर 60 सिलेंडरों की अवैध डिलीवरी, गैस एजेंसी संचालक पर कार्रवाई की तैयारी


नागदा, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में कथित अनियमितताओं के दो मामले सामने आए हैं। पहले कृष्णा गैस एजेंसी के खिलाफ कलेक्टर न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चर्चा में थी, इसी बीच राजेंद्र इंडेन गैस एजेंसी का एक और मामला सामने आया है। इसमें दो महिलाओं के नाम पर कथित फर्जी गैस कनेक्शन और 60 सिलेंडरों की अवैध डिलीवरी का खुलासा हुआ है। जांच प्रतिवेदन के दस्तावेज आरटीआई के माध्यम से सामने आए हैं। मामले में एजेंसी संचालक के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

जांच में सामने आया कि गांव बनबना निवासी अनिता चौधरी पति सत्यनारायण चौधरी को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया, लेकिन उनके नाम पर 50 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी दर्ज कर दी गई। इसी तरह संगीता चौहान के नाम पर भी गैस कनेक्शन से संबंधित रिकॉर्ड में 10 सिलेंडरों की डिलीवरी दर्ज मिली, जबकि उन्हें भी कनेक्शन नहीं दिया गया था। जांच के दौरान मौके पर इंडेन कंपनी के 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले आठ भरे और दो खाली सिलेंडर अतिरिक्त पाए गए। इन्हें जब्त कर एजेंसी संचालक की सुपुर्दगी में दिया गया।

स्थानीय सहायक आपूर्ति अधिकारी समद खान ने जांच प्रतिवेदन गैस एजेंसी संचालक ऋषभ कोठारी के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई के लिए कलेक्टर (खाद्य शाखा), उज्जैन के समक्ष प्रस्तुत किया है। प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि संचालक का कृत्य द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 की कंडिका 7(1)(ख) और 8(1), (2) का उल्लंघन है। यह आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है। जांच अधिकारी ने मामले में अभियोजन की कार्रवाई को उचित बताया है।

जांच प्रतिवेदन के अनुसार, अनिता चौधरी के नाम पर 5 मार्च 2019 को गैस कनेक्शन जारी किया गया था, जिसका क्रमांक 7085295417 दर्ज है। इसी प्रकार संगीता चौहान के नाम पर 28 अक्टूबर 2018 को कनेक्शन आवंटित होने का रिकॉर्ड है। उनका कनेक्शन क्रमांक 7079768723 है। जांच अधिकारी ने प्रतिवेदन में स्पष्ट किया है कि एजेंसी संचालक ऋषभ कोठारी ने दोनों महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया, लेकिन उनके नाम पर सिलेंडरों की डिलीवरी दर्ज की गई। आरोप है कि इन सिलेंडरों का उपयोग निजी हितलाभ के लिए किया गया। इसे योजना के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन माना गया है।

इस पूरे मामले का खुलासा सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायतों के बाद हुआ। शिकायतों से संबंधित दस्तावेज भी आरटीआई के जरिए सामने आए हैं। पीड़ित अनिता के पति सत्यनारायण चौधरी ने खाद्य आपूर्ति विभाग में 29 अगस्त 2026 और 11 सितंबर 2026 को शिकायतें दर्ज कराई थीं। शिकायत में बताया गया कि उज्ज्वला योजना के तहत अनिता के नाम से आवेदन किया गया था और सभी जरूरी दस्तावेज भी जमा किए गए थे, लेकिन राजेंद्र गैस एजेंसी से कनेक्शन आवंटित होने के बावजूद गैस टंकी नहीं मिली। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी।

शिकायत के बाद जांच अधिकारी ने 10 सितंबर 2026 को अनिता के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन आज तक उन्हें कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया। इसी प्रकार दूसरी पीड़ित महिला संगीता चौहान के बयान 21 सितंबर 2026 को दर्ज किए गए। उन्होंने भी जांच अधिकारी को बताया कि उन्हें अब तक उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन नहीं मिला है।

कल्याणकारी योजना में इस तरह की कथित अनियमितताओं के सामने आने से खाद्य आपूर्ति विभाग की निगरानी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब निगाहें कलेक्टर स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story