अमलावदा बीका बांध से पानी ले जाने के विरोध में किसान अड़े, आत्मदाह की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
अमलावदा बीका बांध से पानी ले जाने के विरोध में किसान अड़े, आत्मदाह की चेतावनी


अमलावदा बीका बांध से पानी ले जाने के विरोध में किसान अड़े, आत्मदाह की चेतावनी


नागदा, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मालवा क्षेत्र कभी ‘पग-पग रोटी, डग-डग नीर’ की कहावत से पहचाना जाता था, लेकिन अब उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर नागदा में चंबल नदी पर बने अमलावदा बीका बांध के पानी को लेकर ग्रेसिम कंपनी और किसानों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। करीब एक माह से जारी इस विवाद में किसान बांध का शटर खोलकर पानी ले जाने का विरोध कर रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि बांध का पानी यहां से ले जाया गया तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। विवाद के चलते प्रशासन भी असमंजस में है।

ग्रेसिम प्रबंधन अमलावदा बीका बांध का शटर खोलकर पानी को डाउनस्ट्रीम में नायन गांव स्थित बांध तक ले जाना चाहता है। वहां से पानी नागदा बांध में लाने की योजना है। दूसरी ओर, किसान एकजुट होकर बांध की निगरानी कर रहे हैं और शटर खोलने नहीं दे रहे हैं। बताया जाता है कि एक बार रात में बांध का शटर खोला गया था, लेकिन किसानों ने उसे दोबारा बंद कर दिया।

विवाद सुलझाने के लिए प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। आंदोलन की कमान करणी सेना के जिला अध्यक्ष सुमेरसिंह सिसौदिया ने संभाल ली है। वे बांध से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित अमलावद कलां गांव के निवासी हैं। उनके आंदोलन में शामिल होने से किसानों का हौसला बढ़ा है। किसानों का कहना है कि बांध का पानी ले जाया गया तो वे भूखे मर जाएंगे और उनके मवेशी प्यासे मरेंगे। बांध पर किसानों की पैनी नजर है। रात में भी वे बारी-बारी से पहरा दे रहे हैं।

बांध पर जुटे आसपास के गांवों के किसान

इस विवाद की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नागदा से करीब 25 किलोमीटर दूर अमलावदा बीका बांध पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की गई। मौके पर किसानों ने बांध को घेर रखा था और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे लगा रहे थे। चंबल नदी के आसपास के करीब 25 गांवों के किसान वहां मौजूद थे।

किसानों के मुताबिक बांध में जलस्तर काफी गिर चुका है और अब करीब 10 फीट पानी ही शेष है। नदी का बड़ा हिस्सा गाद से भरा हुआ है। किसानों का कहना है कि इस बांध से आसपास के करीब 35 गांवों में पेयजल की आपूर्ति होती है। फिलहाल गेहूं की फसल खेतों में खड़ी है, जिसे सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। मवेशियों की प्यास बुझाने के लिए भी नदी ही प्रमुख सहारा है। गेहूं की फसल कटने के बाद मवेशियों के चारे के लिए चरी बोने में भी पानी की आवश्यकता होगी।

1996 में ग्रेसिम ने कराया था बांध का निर्माण

औद्योगिक क्षेत्र नागदा से करीब 25 किलोमीटर दूर अमलावद गांव के पास ग्रेसिम कंपनी ने वर्ष 1996 में इस बांध का निर्माण कराया था। जल संसाधन विभाग के दस्तावेजों के अनुसार, बांध की जल भंडारण क्षमता 208 एमसीएफटी है। ग्रेसिम ने चंबल नदी पर अलग-अलग स्थानों पर ऐसे तीन अन्य बांध भी बना रखे हैं।

ग्रेसिम उद्योग में प्रतिदिन करीब 1.10 एमसीएफटी पानी की खपत होती है। यहां स्टेपल फाइबर का उत्पादन किया जाता है, जिसका उपयोग देश-विदेश में कपड़ा बनाने के लिए होता है। इसके उत्पादन में कच्चे माल के रूप में सेल्यूलोज, पानी और सीएसटू गैस का उपयोग किया जाता है। कंपनी ने चंबल नदी पर बने बांध के अलावा जलवाल और टकरावदा गांवों में दो तालाब भी बना रखे हैं। वहीं, नागदा स्थित बांध से नागदा शहर के साथ ही समीपवर्ती खाचरौद में भी जलापूर्ति होती है।

पानी के दोहन को लेकर शुरू हुआ विवाद

अमलावदा बीका बांध को लेकर विवाद की मुख्य वजह पानी के उपयोग को लेकर कंपनी और किसानों के बीच बनी असहमति है। ग्रेसिम प्रबंधन को आशंका है कि किसान इस बांध के पानी का सिंचाई के लिए बड़े पैमाने पर उपयोग कर रहे हैं। इसी वजह से प्रबंधन बांध का शटर खोलकर पानी को करीब 25 किलोमीटर दूर दूसरे बांध में सुरक्षित भंडारित करना चाहता है, ताकि पानी की कमी के कारण उद्योग का संचालन प्रभावित न हो।

सरपंचों के माध्यम से कलेक्टर और मुख्यमंत्री को देंगे ज्ञापन

मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि उद्योग प्रबंधन बांध से पानी ले जाने के लिए प्रशासन पर दबाव बना रहा है। ऐसे में अब आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंचों के माध्यम से कलेक्टर और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बांध का शटर नहीं खोलने की मांग की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समर्थन नहीं किया गया तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे और प्रत्याशियों को गांवों में प्रवेश नहीं करने देंगे। यह क्षेत्र बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। किसानों के मुताबिक, बड़नगर विधायक एक बार बांध पर आकर उनसे चर्चा कर चुके हैं।

दस्तावेजों में पेयजल को पहली प्राथमिकता का उल्लेख

करणी सेना के जिला अध्यक्ष सुमेरसिंह सिसौदिया ने बांध के निर्माण और उसकी ऊंचाई बढ़ाने के दौरान प्रशासन की ओर से ग्रेसिम को दिए गए दिशा-निर्देशों के दस्तावेजों की प्रतियां भी उपलब्ध कराईं। किसानों के अनुसार, इन दस्तावेजों में स्पष्ट उल्लेख है कि चंबल नदी में पानी की कमी होने पर पेयजल को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि पानी की कमी की स्थिति में उद्योग प्रबंधन को अपने निजी साधनों से पानी की व्यवस्था कर उद्योग संचालित करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story