नागदा : ग्रेसिम प्रबंधन के खिलाफ भड़के किसान, चंबल बांध के शटर अपने हाथों से किए बंद

WhatsApp Channel Join Now
नागदा : ग्रेसिम प्रबंधन के खिलाफ भड़के किसान, चंबल बांध के शटर अपने हाथों से किए बंद


नागदा, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा के समीप पिपलोदा बागला स्थित चंबल बांध के शटर ग्रेसिम उद्योग प्रबंधन द्वारा खोले जाने से क्षेत्र के किसानों में मंगलवार को आक्रोश फैल गया। सैकड़ों किसानों ने उद्योग प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बांध में सिंचाई के लिए पानी का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि शटर तत्काल बंद नहीं किए गए तो वे स्वयं इन्हें बंद करेंगे। किसानों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। इसके बाद किसानों ने तहसीलदार की मौजूदगी में बांध के शटर बंद कर दिए।

जानकारी के अनुसार, बिड़लाग्राम नागदा स्थित ग्रेसिम उद्योग में स्टेपल फाइबर का उत्पादन किया जाता है। इसके लिए बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। उद्योग में प्रतिदिन करीब एक एमसीएफटी पानी का उपयोग होता है, जो लगभग 2 करोड़ 83 लाख 16 हजार लीटर के बराबर है। उद्योग प्रबंधन ने चंबल नदी पर पानी के भंडारण के लिए बांध बनाए हैं। इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण ग्रेसिम प्रबंधन ने पिपलोदा गांव के समीप स्थित बांध के शटर खोल दिए थे।

इससे नाराज किसानों का कहना था कि हर साल फसल पकने के बाद मार्च तक बांध के शटर खोले जाते हैं, लेकिन अभी से पानी छोड़े जाने पर जल भंडारण समाप्त हो जाएगा। इससे रबी की फसलों की सिंचाई प्रभावित होगी और उत्पादन पर असर पड़ेगा। इसी मांग को लेकर आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान नारेबाजी करते हुए नदी के डाउनस्ट्रीम में धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन को समर्थन देने भाजपा नेता मोतीसिंह शेखावत भी आंदोलन स्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि पानी की कमी के कारण उद्योग बंद होने की बात सही नहीं है। बांध निर्माण से नदी पर किसानों का अधिकार समाप्त नहीं हो जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रेसिम प्रबंधन चंबल नदी से मात्र 10 पैसे प्रति हजार लीटर की दर से पानी ले रहा है, जबकि गुजरात में इसी तरह के प्लांट के लिए 50 रुपये प्रति हजार लीटर पानी का शुल्क दिया जा रहा है। आम लोगों को पानी की केन के लिए 20 रुपये तक चुकाने पड़ते हैं।

प्रदर्शन के दौरान जय जवान, जय किसान और बिड़ला तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए तहसीलदार मौके पर पहुंचे और उनसे चर्चा की। इसके बाद किसानों ने तहसीलदार की मौजूदगी में बांध के शटर बंद कर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story