चंबल में नर्मदा का पानी लाने सड़कों पर उतरे सैकड़ों किसान, बिरला उद्योग के खिलाफ की नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
चंबल में नर्मदा का पानी लाने सड़कों पर उतरे सैकड़ों किसान, बिरला उद्योग के खिलाफ की नारेबाजी


चंबल में नर्मदा का पानी लाने सड़कों पर उतरे सैकड़ों किसान, बिरला उद्योग के खिलाफ की नारेबाजी


नागदा, 12 नवंबर (हि.स.)। चंबल नदी में नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना का पानी लाने और सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गुरुवार को मध्‍य प्रदेश के नागदा में सैकड़ों किसान सड़कों पर उतर आए। किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में किसानों ने बिरला मंदिर रोड पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उद्योगपति बिरला और ग्रेसिम उद्योग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। किसानों ने आरोप लगाया कि उद्योगों की पानी की जरूरत पूरी करने के लिए चंबल नदी के पानी का उपयोग किया जा रहा है, जबकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।

प्रदर्शनकारी किसान रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय परिसर पहुंचे। यहां किसानों ने करीब 15 मिनट तक सड़क पर बैठकर धरना दिया। आंदोलन को कांग्रेस के पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर और भाजपा के पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत ने भी समर्थन दिया। दोनों पूर्व विधायक किसानों के साथ धरने पर बैठे। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल हुए। मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश व्यास, भाजपा नेता मोती सिंह शेखावत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह चौहान, निशा चौहान, हर्षद शर्मा, पीसीसी सदस्य राधे जायसवाल और देवी सिंह गुर्जर सहित अन्य लोगों ने भी किसानों की मांगों का समर्थन किया। बाद में किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम रंजना पाटीदार को ज्ञापन सौंपा।

उद्योगों को नर्मदा का पानी देने और किसानों के लिए चंबल से सिंचाई की मांग

किसानों ने करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नर्मदा-क्षिप्रा योजना का पानी चंबल नदी में मिलाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि उद्योगों को नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना से पानी उपलब्ध कराया जाए और चंबल नदी का पानी किसानों की सिंचाई के लिए सुरक्षित रखा जाए। किसानों के अनुसार, परियोजना में उद्योगों और पेयजल के लिए 1.5 क्यूमेक पानी उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद ग्रेसिम उद्योग नर्मदा का पानी लेने के बजाय चंबल नदी के पानी का उपयोग कर रहा है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

किसानों ने बांधों के गेट मनमाने तरीके से खोले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे उनके हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पिपलोदा बांध के शटर खोलने के प्रयास पर भी आपत्ति जताई और कहा कि पहले किसानों के लिए सिंचाई के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कई गांवों में सिंचाई के लिए पानी का संकट

आंदोलन के दौरान किसानों ने बताया कि चंबल के अपस्ट्रीम क्षेत्र के नारायणा, जलवाल, मालाखेड़ी, टूमनी, कडियाली, सोनचिड़ी, पिपलोदा पंथ, गेडावदा, पिपलोदा बागला, अमलावदकलां, मालपुरा और भाटीसुड़ा सहित कई गांवों में सिंचाई के लिए पानी की किल्लत बनी हुई है। अल्पवर्षा के कारण भूजल स्तर एक हजार फीट से भी अधिक नीचे पहुंच गया है। ऐसे में किसानों के सामने गेहूं, चना, मटर और लहसुन की फसलों की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है।

किसानों ने ग्रेसिम उद्योग द्वारा पिपलोदा बांध के शटर खोलने के प्रयास पर भी सवाल उठाए। साथ ही प्रदूषण से प्रभावित 14 गांवों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने नर्मदा-गंभीर परियोजना के माध्यम से भी क्षेत्र को पानी देने और उज्जैन जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग रखी।

एसडीएम ने दिया किसानों को आश्वासन

ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम रंजना पाटीदार ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि चंबल नदी पर बने अमलावद बीका बांध के गेट जब तक नहीं खोले जाएंगे, तब तक पिपलोदा बांध के शटर भी नहीं खोले जाएंगे।

किसानों ने आंदोलन के दौरान कृषि ऋण माफ करने, बिजली बिलों की वसूली पर रोक लगाने और सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story