नागदा में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव: नन्हें कदमों ने जगाई आस्था

WhatsApp Channel Join Now
नागदा में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव: नन्हें कदमों ने जगाई आस्था


चल समारोह में 150 बच्चों ने भगवान महावीर के विभिन्न रूपों का किरदार फैंसी ड्रेस में प्रदर्शित किया

नागदा, 30 मार्च (हिंस)। उज्जैन जिले के नागदा में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत आयोजित बाल चल समारोह और पपेट शो ने शहर में भक्ति, उल्लास और संस्कारों की अद्भुत छटा बिखेर दी। करीब 150 बच्चों ने भगवान महावीर के जीवन और संदेशों को फैंसी ड्रेस के माध्यम से जीवंत कर सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम श्री संघ के सान्निध्य में संपन्न हुआ। बाल चल समारोह की शुरुआत सोमवार को महावीर भवन से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पौषधशाला पहुंचा। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्ग श्रद्धालुओं और दर्शकों से गुलजार रहे। बैंड-बाजों और जयकारों के बीच निकले इस चल समारोह ने पूरे वातावरण को धार्मिक और उत्सवी बना दिया।

चल समारोह का मुख्य आकर्षण रहे नन्हें-मुन्ने बच्चे, जिन्होंने भगवान महावीर के विभिन्न रूपों को फैंसी ड्रेस के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की वेशभूषा, अभिनय और आत्मविश्वास ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कहीं बालक भगवान महावीर के बाल रूप में नजर आए तो कहीं उनके तप, त्याग और अहिंसा के संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का लाभ राजेश-कल्पना धाकड़ ने लिया, जबकि निर्णायक के रूप में डॉ. विपिन वागरेचा उपस्थित रहे। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को देखते हुए निर्णायकों ने भी उनकी सराहना की। चल समारोह के समापन पर पौषधशाला में बेबी शाला स्कूल की टीम द्वारा आकर्षक पपेट शो प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने बच्चों और उपस्थित जनसमूह को खूब आनंदित किया। पपेट शो का लाभ गांग परिवार ने लिया, जिससे कार्यक्रम में सहभागिता और सहयोग की भावना भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष धर्मेन्द्र बम के स्वागत उद्बोधन से हुई। इसके बाद मूर्तिपूजक श्रीसंघ के अध्यक्ष मनीष व्होरा ने अपने संबोधन में भगवान महावीर के सिद्धांतों अहिंसा, सत्य और संयम को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कारों का विकास करते हैं और उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Share this story