नागदा - बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से रविदास के समरसता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
नागदा - बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से रविदास के समरसता का दिया संदेश


नागदा, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले मे संत रविदास जयंती पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेरछा में शनिवार कोआयोजित सामाजिक समरसता पखवाड़े में विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से समानता, मानवता और समरसता का संदेश दिया। उत्कृष्ट चित्र बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गोवर्धनलाल परिहार मुख्य अतिथि रहे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा वरिष्ठ नेता सुबोध स्वामी, आर.सी. विश्वकर्मा, अमरसिंह राठौड़, मुकेश जैन तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भरत नांदेड़ उपस्थित थे।

विद्यार्थियों ने संत रविदास जी के जीवन, सामाजिक समरसता, समानता, भक्ति और मानवता के संदेश पर आधारित चित्र प्रस्तुत किए। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।

विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र सिंह राणावत ने अध्यक्षीय उद्बोधन में संत रविदास जी के जीवन, विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। भाजपा वरिष्ठ नेता सुबोध स्वामी तथा शिक्षक गोपाल जोशी ने संत रविदास जी के कर्मप्रधान जीवन और मानव समानता के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया। संचालन शिक्षक भरत डाबी ने किया,वरिष्ठ शिक्षक कुंवरपरिहार ने आभार माना। अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों में नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के विकास तथा समरस समाज निर्माण के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

Share this story