राजगढ़ःवेतन न मिलने पर नपा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर,पानी- सफाई व्यवस्था ठप

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःवेतन न मिलने पर नपा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर,पानी- सफाई व्यवस्था ठप


राजगढ़, 11 मई(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर पालिका के 312 नियमित, विनियमित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी 4-5 माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए।

नपा कार्यालय के बाहर टेंट लगाकर शुरू हुए इस आंदोलन का शहर की मूलभूत सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा। जल सप्लाई बंद होने से लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंचा, वहीं सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण कचरा वाहन नहीं निकल पाए और शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर जमा होने लगे।

कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने 5 मई को नपा अध्यक्ष लीलादेवी कुशवाहा के नाम सीएमओ को ज्ञापन देकर 10 मई तक वेतन भुगतान की मांग की थी, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी वेतन जारी नहीं हुआ। दोपहर में सीएमओ इकरार अहमद और नपा अध्यक्ष पुत्र पवन कुशवाहा कर्मचारियों से चर्चा करने पहुंचे, पर कर्मचारी वेतन भुगतान पर अड़े रहे।

यूनियन तहसील अध्यक्ष दीपक बाल्मीकि और रामबाबू सौंधिया ने कहा कि नियमित कर्मचारियों को 4 महीने, विनियमित व दैनिक वेतनभोगियों को 5 महीने से वेतन नहीं मिला है, साथ ही कई कर्मचारी वर्षों से एनपीएस लाभ से भी वंचित हैं। कर्मचारियों का कहना है कि घर का खर्च कर्ज और उधार से चल रहा था, लेकिन अब उधार मिलना भी बंद हो गया है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की चिंता बढ़ रही है। कर्मचारियों ने नपा खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच कराने की मांग की, आरोप लगाया कि ठेकेदारों को भुगतान हो रहा है जबकि कर्मचारियों का वेतन रोका जा रहा है। उधर, सीएमओ इकरार अहमद ने जल सप्लाई और सफाई बंद करने पर कर्मचारियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा बंद करना नियम विरुद्ध है और आवश्यक सेवाओं में न्यूनतम व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफाई और जल प्रदाय शाखा को हर महीने वेतन दिया जाता है तथा चुंगी क्षतिपूर्ति में कटौती से बजट प्रभावित हुआ है, जल्द वेतन भुगतान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story