सागरः नगर निगम कर्मचारियों ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
सागरः नगर निगम कर्मचारियों ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी


सागर, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में नगर निगम में सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम परिसर के भीतर ही एक घंटे का जोरदार धरना देकर प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। कर्मचारी नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द ही कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन उग्र रूप अख्तियार कर लेगा।

सोमवार दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक चले इस धरना प्रदर्शन का असर सीधे तौर पर नगर निगम के कामकाज पर देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान निगम परिसर की कई महत्वपूर्ण शाखाओं की कुर्सियां पूरी तरह खाली नजर आईं। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण दूर-दराज से अपनी जरूरी फाइलों और योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे आम नागरिकों व हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा।

कर्मचारी संघ का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से निगम प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंप रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। आंदोलनकारी कर्मचारियों की प्रमुख मांगें , हर महीने समय पर वेतन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जीपीएफ और एनपीएस की लंबित राशि को तत्काल कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाए। लंबे समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाए। महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान जल्द हो। सेवानिवृत्त और दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लंबित स्वत्वों का तत्काल भुगतान किया जाए। अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का त्वरित निराकरण हो और समयमान वेतनमान का लाभ मिले।सफाई कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से साप्ताहिक अवकाश प्रदान किया जाए।

कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि वेतन का भुगतान समय पर नहीं होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जीपीएफ और एनपीएस जैसी जमा पूंजी का पैसा भी खातों में नहीं दिख रहा है। प्रशासन कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी कर रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कर्मचारियों ने अपनी मांगों को मनवाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन का एलान कर दिया है, जिसके तहत आने वाले दिनों में शहर की सफाई और पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं।

मंगलवार को सभी कर्मचारी हाथों पर काली पट्टी बांधकर काम करेंगे और विरोध जताएंगे। बुधवार को सामूहिक रूप से एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे।गुरुवार से मांगें न मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत होगी।

अब गेंद नगर निगम प्रशासन के पाले में है। यदि प्रशासन ने समय रहते कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से बात कर बीच का रास्ता नहीं निकाला, तो गुरुवार से शुरू होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण पूरे सागर शहर की स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और अन्य नागरिक सेवाएं पूरी तरह चरमरा सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story