संकट के समय देश के साथ खड़ा होना ही सच्ची देशभक्ति : संजय जोशी

WhatsApp Channel Join Now
संकट के समय देश के साथ खड़ा होना ही सच्ची देशभक्ति : संजय जोशी


मैहर, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय जोशी मंगलवार को मैहर पहुंचे। यहां उन्होंने पौड़ी धाम स्थित मेरे राम पौड़ी धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भेंट की। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, अनिल चौरसिया, सनत गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संजय जोशी ने बताया कि उनका मैहर दौरा निजी कार्यक्रम के तहत था और वे पौड़ी धाम आश्रम के महंत सूरज महाराज के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने आए थे।

मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि संकट के समय देश के साथ खड़ा होना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब देश संकट की स्थिति से गुजरता है, कुछ राजनीतिक दल समर्थन के बजाय विरोध की राजनीति शुरू कर देते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में देश के सामने दोहरी चुनौती होती है। एक ओर बाहरी ताकतों का सामना करना और दूसरी ओर भीतर मौजूद नकारात्मक मानसिकता से निपटना।

कोरोना काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महामारी के कठिन दौर में भारत ने एकजुटता और अनुशासन के साथ चुनौतियों का सामना किया, जिसके परिणामस्वरूप देश मजबूती से उभरकर सामने आया और विश्व स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में दुनिया के कई देशों में युद्ध और वैश्विक अस्थिरता का असर भारत पर महंगाई के रूप में दिखाई दे रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए है और जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है।

संजय जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण के बल पर इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने इसे लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया। कार्यक्रम के बाद संजय जोशी जबलपुर के लिए रवाना हुए, जहां से वे विमान द्वारा दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story