मंदसौरः अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे नगरपालिका कर्मचारियों की भूख हड़ताल शुरू

WhatsApp Channel Join Now




मंदसौर, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर नगर में गांधी चौराहे पर नगर पालिका कर्मचारियों ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। नगर पालिका कर्मचारी संयुक्त मोर्चा और विभिन्न संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार को धरना दिया। कर्मचारी 19 सितंबर से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से ज्ञापन देने के बावजूद मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोर्चे ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

मुख्य मांगों में 15-20 साल से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करना, मृत्यु पर एक माह में अनुकंपा नियुक्ति और शहर के लिए 100 पुरुष-महिला सफाई कर्मचारियों की भर्ती शामिल है।

अन्य मांगों में आउटसोर्सिंग बंद करना, 8 घंटे से ज्यादा काम न लेना, अतिरिक्त काम पर भत्ता, समय पर वेतन, ईपीएफ और सेवा पुस्तिका में हस्ताक्षर कराना शामिल है। कर्मचारियों ने हर महीने 1 से 7 तारीख के बीच वेतन देने की मांग रखी है। उनका आरोप है कि सफाई कर्मचारियों को कई बार 15 से 20 तारीख तक किस्तों में वेतन मिलता है। इससे बैंक ऋण की किस्त समय पर जमा नहीं होने पर पेनल्टी और सिबिल स्कोर प्रभावित होने जैसी परेशानी होती है।

कर्मचारियों ने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने पर उन्हें नोटिस या नौकरी से हटाने की धमकी नहीं दी जानी चाहिए। रैली या सामाजिक कार्यक्रमों के बाद सड़क पर फैले कचरे की सफाई के लिए आयोजक से 10 हजार रुपए सफाई खर्च लेने की मांग भी की गई है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति से छह महीने पहले कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान करने, परिवार के सदस्य को सफाई कर्मचारी के पद पर नियुक्ति देने तथा दैनिक वेतनभोगी और स्थायी कर्मचारियों की अपडेट वरिष्ठता सूची संयुक्त मोर्चे को उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story