भोपाल के कटारा हिल्स में नगर निगम का पुतला दहन, जलभराव और जर्जर सड़कों से परेशान रहवासियों का फूटा गुस्सा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के कटारा हिल्स में नगर निगम का पुतला दहन, जलभराव और जर्जर सड़कों से परेशान रहवासियों का फूटा गुस्सा


भोपाल, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अमलतास चौराहे पर रविवार को रहवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए निगम का पुतला फूंका। इलाके में लंबे समय से व्याप्त जलभराव, सड़कों के गड्ढों, गंदगी और बंद स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं से नाराज लोगों ने निगम प्रशासन पर कर वसूलने के बावजूद सुविधाएं न देने का गंभीर आरोप लगाया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मानसून के दौरान क्षेत्र की स्थिति और भी बदतर हो गई है। बारिश होते ही कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी भर जाता है, जिससे कीचड़ फैलने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रदर्शन में शामिल युवक कांग्रेस के अनिकेत द्विवेदी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 85 के कई इलाकों में मुख्य सड़कों से लेकर अंदरूनी रास्तों तक गड्ढों का अंबार है। इसके अलावा रात के समय स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से हादसों का अंदेशा लगातार बना रहता है।

सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल की मौजूदगी के बीच ही प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम का पुतला दहन किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वार्ड की इन मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में मध्य प्रदेश कांग्रेस झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष निकेश सिंह चौहान, भोपाल युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष राहुल मंडलोई, रोहित राजोरिया, शिवी शर्मा, लोकेंद्र शर्मा, अनिल मीणा और राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story