राजगढ़ः मुक्तिधाम रोड पर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, ऑनलाइन बिल निकालने में परेशानी बता रहे रहवासी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मुक्तिधाम रोड पर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, ऑनलाइन बिल निकालने में परेशानी बता रहे रहवासी


राजगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विरोध लगातार जारी है। बिजली कंपनी की टीम को अलग-अलग मोहल्लों में रहवासियों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार को मुक्तिधाम रोड पर आसपास के रहवासियों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया। करीब एक घंटे तक चले विरोध के दौरान लोगों ने ऑनलाइन बिजली बिल निकालने में परेशानी होने की बात कही। बाद में बिजली कंपनी के अधिकारियों ने समझाइश देकर मीटर लगवाए।

रहवासियों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिल ज्यादा आ रहे हैं। इसके अलावा बिल ऑनलाइन निकलने से कम पढ़े-लिखे और बुजुर्ग उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। कई लोग एक-दो महीने तक अपना बिल नहीं निकाल पाते। ऐसे में समय पर भुगतान नहीं होने से उन्हें पेनल्टी और अन्य शुल्क भी चुकाने पड़ते हैं।

हालांकि, अधिक बिल आने के आरोपों पर बिजली कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिल अधिक नहीं आता। शहर में घरेलू, गैर घरेलू, औद्योगिक और पंप श्रेणी के कुल 16,500 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है। शुरुआत में 80 सरकारी भवनों में मीटर लगाए गए थे। पिछले आठ महीनों में विरोध के बीच अब तक करीब 4,500 मीटर ही लग पाए हैं। अभी लगभग 12 हजार मीटर लगाए जाना बाकी हैं। बिजली कंपनी के एई अजीत भूमरकर ने बताया कि स्मार्ट मीटर से ज्यादा बिल आने की शिकायतों को लेकर लोगों को समझाया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिल निकालने में परेशानी होती है, उनके बिल बिजली कर्मचारी निकाल रहे हैं। लोगों का भरोसा बढ़ाने के लिए मोहल्लों में पुराने मीटर के साथ चेक मीटर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि दोनों की रीडिंग की तुलना की जा सके। मुक्तिधाम रोड पर भी समझाइश के बाद मीटर लगाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story