राजगढ़ः मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से जिले की ली समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से जिले की ली समीक्षा बैठक


राजगढ़, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव द्वारा शनिवार को वीडियो काॅन्फ्रेंसिग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली गई, जिसमें जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों का जायजा लिया गया।

बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे तथा डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में आमजन से सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचकर सुझाव लिए जाएं और व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने आगामी जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला, अनुविभाग और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र लोगों तक जानकारी पहुंचे और वे शिविरों का लाभ उठा सकें। बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने और उन्हें भव्य व सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसके अनुरूप आयोजन होने चाहिए। नीट परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, यातायात और परिवहन की व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ज्ञान भारतम मिशन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक पांडुलिपियों की प्रविष्टि कराने और आमजन को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने अगले 15 दिनों में विशेष अभियान चलाकर मिशन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story