राजगढ़: भैंसवामाता पहुंचकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने की पूजा-अर्चना, दूधतलाई पर बेलपत्र का किया पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: भैंसवामाता पहुंचकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने की पूजा-अर्चना, दूधतलाई पर बेलपत्र का किया पौधरोपण


राजगढ़, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भैंसवामाता में जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के राज्य स्तरीय समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगलवार को पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने भैंसवामाता मंदिर और माता बिजासन के दर्शन कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने पवित्र दूधतलाई पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बेलपत्र का पौधा लगाया। इस अवसर पर केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने भी पौधरोपण कर हरित भारत का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के मॉडल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्ययोजना की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहनों की सौगात दी।

सीएम डॉ. यादव ने ब्यावरा की पर्यावरण प्रेमी संरक्षण समिति द्वारा प्लास्टिक कचरे से तैयार किए जा रहे ईको ब्रिक्स की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का बेहतर उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, पौधरोपण और स्वच्छता जैसे अभियान तभी सफल होंगे, जब समाज की भागीदारी इसमें सुनिश्चित होगी। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर भैंसवामाता मंदिर परिसर में आदिवासी नृत्य दल ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर स्वागत किया। वहीं नन्हीं बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। पूरे परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल दिखाई दिया।

हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक अमरसिंह यादव, हजारीलाल दांगी, मोहन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story