राजगढ़ः 24 सितंबर को बोड़ा आएंगे मुख्यमंत्री, कलेक्टर ने अफसरों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः 24 सितंबर को बोड़ा आएंगे मुख्यमंत्री, कलेक्टर ने अफसरों को दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश


राजगढ़, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 24 सितंबर के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के साथ विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पर 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराने तथा जिन शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, उनका फोर्स क्लोजर कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा गया।

कार्यक्रम स्थल से लेकर भ्रमण मार्ग तक व्यवस्थाएं होंगी दुरुस्त मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल, भ्रमण मार्ग और संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हितग्राहियों से संवाद, निरीक्षण और अन्य कार्यक्रमों से संबंधित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। अधिकारियों को रात्रि प्रवास, ठहरने और भोजन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समग्र आईडी मैपिंग, समग्र ई-केवाईसी और सार्थक ऐप पर विभागवार रिपोर्ट की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आगामी बैठक में सार्थक ऐप की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में सार्थक अटेंडेंस के जरिए उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ई-ऑफिस पर लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story