जबलपुर: पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित टिप्पणी को लेकर मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग
जबलपुर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मुस्लिम महिलाओं में आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं गोहलपुर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
महिलाओं का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर प्रसारित एक पॉडकास्ट में पैगंबर मोहम्मद साहब के संबंध में कथित रूप से अशोभनीय टिप्पणियां की गईं और आपत्तिजनक कार्टून भी दिखाए गए, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायत के अनुसार, यह सामग्री सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट और उसके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित एक पॉडकास्ट के माध्यम से सामने आई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस कार्यक्रम में दिए गए कथनों और प्रदर्शित सामग्री से धार्मिक वैमनस्य फैलने, सामाजिक तनाव बढ़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत में कथित वक्ता नाजिया इलाही खान के अलावा कार्यक्रम के एंकर, चैनल के मालिक, निर्माता, संपादक और प्रकाशक को भी नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता रशीदा तबस्सुम ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि नाजिया इलाही खान पहले भी इस प्रकार के विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं और इस तरह की सामग्री का बार-बार प्रसारण सामाजिक सौहार्द और शांति के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

