राजगढ़ः मुआवजे की मांग पर किसानों का बड़ा आंदोलन, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मुआवजे की मांग पर किसानों का बड़ा आंदोलन, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू


राजगढ़, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों ने लंबित मांगों को लेकर मंगलवार से जीन ग्राउंड में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता जयपाल सिंह खींची अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं किसान बालकिशन, लखन सिंह, सोमेन्द्र सिंह और अर्जुन सिंह सहित अन्य किसानों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की है।

किसानों का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर वे पहले कई बार आवेदन, जनसुनवाई और प्रशासन से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। आंदोलन के समर्थन में सामाजिक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता मेधा पाटकर भी सुठालिया पहुंचीं। उन्होंने धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मुआवजा और पुनर्वास से जुड़ी किसानों की मांगें उचित हैं।

पाटकर ने परियोजना की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2013 के कानून के तहत जमीन अधिग्रहण से पहले सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव का अध्ययन किया जाना चाहिए था। उन्होंने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से पूरे मामले की जांच की मांग की। उनका कहना था कि पुनर्वास के लिए ग्राम सभाओं में चयनित स्थानों पर भी कई समस्याएं हैं। चार गुना मुआवजा समेत कई मांगें किसानों की प्रमुख मांगों में चार गुना मुआवजा देना, पहले दो गुना मुआवजा पा चुके किसानों को शेष राशि का भुगतान करना और 1 जनवरी 2021 के कटऑफ के आधार पर 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके परिवार के सदस्यों को बालिग मानकर लाभ देना शामिल है। इसके अलावा डूब क्षेत्र के मकान, कुएं, ट्यूबवेल, पेड़-पौधे, फलदार पौधे और सिंचाई पाइपलाइन समेत अन्य संपत्तियों का दोबारा सर्वे कर उचित मूल्यांकन कराने की मांग की गई है। आंदोलनकारियों ने दलित और आदिवासी परिवारों को जमीन के बदले जमीन तथा उचित पुनर्वास का लाभ देने की भी मांग उठाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story