एमपीपीएससी प्रीलिम्स आज, कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा, 90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now
एमपीपीएससी प्रीलिम्स आज, कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा, 90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य


भोपाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा आज रविवार काे प्रदेशभर में आयोजित की जा रही है। इस बार परीक्षा व्यवस्था में कई अहम बदलाव किए गए हैं, जिनका उद्देश्य पारदर्शिता और सुरक्षा को और मजबूत करना है।

प्रदेश के 54 जिलों में बनाए गए 365 परीक्षा केंद्रों पर करीब 1.35 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी—सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य अध्ययन और दोपहर 2:15 से 4:15 बजे तक सामान्य अभिरुचि का पेपर आयोजित किया जाएगा।

समय से पहले पहुंचना अनिवार्य

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पहली बार नेगेटिव मार्किंग लागू

इस वर्ष पहली बार प्रारंभिक परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू की गई है। प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/3 अंक काटे जाएंगे। यानी तीन गलत उत्तर एक सही उत्तर के बराबर अंक को खत्म कर देंगे। विशेषज्ञों के अनुसार यह व्यवस्था गंभीर और बेहतर तैयारी वाले अभ्यर्थियों को आगे लाने में मदद करेगी।

थ्री-लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था

परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसमें क्यूआर कोड स्कैनिंग, बायोमैट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग शामिल है। दोनों सत्रों में अभ्यर्थियों की जांच HHMD (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) से की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष वीक्षक और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षक द्वारा की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार जांचकर्ता चुनने का विकल्प दिया गया है।

क्या साथ ले जा सकते हैं

अभ्यर्थियों को केवल आवश्यक वस्तुएं ही लाने की अनुमति है:

बॉलपेन

पारदर्शी पानी की बोतल

ई-एडमिट कार्ड

वैध पहचान पत्र

कुल पदों का विवरण

भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य सेवा परीक्षा के लिए 155 और राज्य वन सेवा के लिए 36 पद निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर एक समान सुरक्षा और जांच व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story