गोमांस विवाद पर कांग्रेस का निगम घेराव, ठेकेदार के घर पर बुलडोजर चलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
गोमांस विवाद पर कांग्रेस का निगम घेराव, ठेकेदार के घर पर बुलडोजर चलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग


गोमांस विवाद पर कांग्रेस का निगम घेराव, ठेकेदार के घर पर बुलडोजर चलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग


भाेपाल, 09 जनवरी (हि.स.)। भोपाल में एक बार फिर गायों की मौत और गोमांस मिलने का मुद्दा सुर्खियों में है। नगर निगम के आधुनिक स्लॉटर हाउस की जिस गाड़ी से 26 टन मांस जब्त हुआ, उसमें गोमांस की पुष्टि हुई है। इसे लेकर शुक्रवार को कांग्रेसियों ने नगर निगम का दफ्तर घेराव किया। नेताओं ने स्लॉटर हाउस से 26 टन मांस मिलने और गोमांस की पुष्टि पर सवाल उठाए तथा ठेकेदार, अधिकारियों और राजनीतिक संरक्षण की जांच की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने और मुख्यमंत्री व महापौर निवास घेरने की चेतावनी दी गई।

दरअसल गोमांस मिलने के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस ने नगर निगम के माता मंदिर स्थित ऑफिस का घेराव किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और गाय के पोस्टर लेकर पहुंचे और नगर निगम व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते सुबह करीब 11.30 बजे तक निगम कार्यालय में कामकाज ठप रहा, कोई अधिकारी या नेता ऑफिस नहीं पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा ने कहा कि देश प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। बावजूद सरेआम गोमांस की तस्करी की जा रही है। विदेश भेजा जा रहा है। इसमें कौन लोग शामिल हैं।

अमित शर्मा ने कहा कि यह पूरा मामला बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है। कैसे मांस बिक रहा है? कैसे गाड़ी स्लॉटर हाउस से बाहर निकल गई? ठेकेदार को किसने टेंडर दिलाया? किस नेता को पैसा दिया जाता था? इन सभी सवालों के जवाब चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ठेकेदार के घर और स्लॉटर हाउस पर बुलडोजर चलाया जाए तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि आज घेराव किया है। मांग है कि ठेकेदार के घर और स्लॉटर हाउस को बुलडोजर से तोड़ा जाए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी और मुख्यमंत्री व महापौर निवास का भी घेराव किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story