युवा संगम वृहद रोजगार मेला युवाओं के लिए मील का पत्थर: मंत्री संपतिया उइके

WhatsApp Channel Join Now
युवा संगम वृहद रोजगार मेला युवाओं के लिए मील का पत्थर: मंत्री संपतिया उइके


- मंडला में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 32 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों में 2923 युवा चयनित, वितरित किए गए ऑफर लेटर

मंडला, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के दूरदर्शी नेतृत्व और जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से इस मेले में 3,381 से अधिक युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो मंडला जैसे जनजातीय बाहुल्य जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि और मील का पत्थर है।

पीएचई मंत्री संपतिया उइके शनिवार को मंडला जिले में आयोजित जिला स्तरीय ‘युवा संगम वृहद रोजगार मेला’ को संबोधित कर रही थीं। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में यह रोजगार मेला आयोजित किया गया था। मंत्री संपतिया उइके ने वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कम्पनियों के स्टालों का निरीक्षण व युवाओं से सीधा संवाद

शुभारंभ के पश्चात मंत्री संपतिया उइके ने मेले में शामिल हुईं 32 से अधिक प्रतिष्ठित कम्पनियों के स्टालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं भर्ती प्रक्रिया में भाग ले रहे युवाओं से सीधा संवाद कर कार्यक्षेत्र, वेतनमान और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पना तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूर्णतः संकल्पित है। उन्होंने उल्लेख किया कि इससे पूर्व 20 जनवरी 2026 को आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में भी 1,600 से अधिक युवाओं का चयन हुआ था। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रारंभिक पद को छोटा न समझें, बल्कि कार्य अनुभव के साथ निरंतर प्रगति करें और भविष्य में रोजगार देने वाले बनें।

जिले में ही करियर निर्माण का सुनहरा अवसर: सांसद कुलस्ते

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने चयनित युवाओं एवं उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे वृहद आयोजनों से स्थानीय युवाओं को सही मार्गदर्शन मिलता है और उन्हें अपने ही जिले व प्रदेश में प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ जुड़कर करियर निर्माण करने का अवसर प्राप्त होता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने भी मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन को बधाई देते हुए इसे युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। इस दौरान विधायकनारायण सिंह पट्टा, विधायक चैन सिंह वरकड़े ने भी संबोधित करते हुए चयनित युवाओं को बधाई दी।

2923 युवाओं को ऑफर लेटर एवं हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित

कार्यक्रम के दौरान मंत्री संपतिया उइके एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रारंभिक रूप से चयनित 2923 युवाओं को प्रतीकात्मक रूप से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। साथ ही, पीएम स्वनिधि योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के लाभान्वित हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। मेले में कुल ऑनलाइन पंजीयन 13298 हुए है मेले में 5749 युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि रितेश अग्रवाल, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, अपर कलेक्टर सोनल सिडाम, एसडीएम शैलेंद्र चौधरी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र दिनेश कुमार मर्सकोले, जिला रोजगार अधिकारी सीमा वर्मा, आईटीआई प्राचार्य मनीषा भूरिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story