मप्र: युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स को कांग्रेस से जोड़ने के लिए ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स’ अभियान शुरू
15 जून तक होंगे ऑनलाइन आवेदन, प्रदेश से विधानसभा स्तर तक चुने जाएंगे सोशल मीडिया वॉरियर्स
भोपाल, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग ने युवाओं, जागरूक नागरिकों और सोशल मीडिया पर सक्रिय इन्फ्लुएंसर्स को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स’ अभियान का शुभारंभ किया है। इस अभियान के तहत प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया वॉरियर्स का चयन किया जाएगा, जो कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
राजधानी भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के राजीव गांधी सभागार में रविवार काे आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसी के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इच्छुक प्रतिभागी गूगल फॉर्म के माध्यम से 15 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। अभियान का उद्देश्य संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था रखने वाले नागरिकों को कांग्रेस संगठन से जोड़ना तथा उन्हें सामाजिक और राजनीतिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करना है। इसके माध्यम से युवाओं को संगठन से जुड़ने का सरल और पारदर्शी मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
रचनात्मक क्षेत्रों के प्रतिभाशाली लोगों को मिलेगा अवसर
अभियान के अंतर्गत राइटर्स, डिज़ाइनर्स, वीडियो एडिटर्स, कार्टूनिस्ट, कवि, लेखक, ब्लॉगर, मोटिवेशनल स्पीकर, सोशल वर्कर, लोक कलाकार और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही महिलाओं, युवाओं और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर कार्य करने वाले लोगों को अपनी बात रखने और योगदान देने का अवसर मिलेगा।
यह रहेगी चयन प्रक्रिया
31 मई से 15 जून : ऑनलाइन आवेदन
15 जून से 19 जून : आवेदनों की प्रारंभिक जांच
20 जून से 23 जून : जिला स्तर पर साक्षात्कार
24 जून से 28 जून : अंतिम स्क्रूटनी
30 जून : चयनित सोशल मीडिया वॉरियर्स की सूची जारी
जिलों में भी चलेगा अभियान
प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के बाद 1 से 3 जून तक सभी जिलों में जिला कांग्रेस अध्यक्षों द्वारा प्रेस वार्ताओं के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिले में सोशल मीडिया विभाग के विशेष प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले तथा कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष चंचलेश व्यास ने संबोधित किया। इस अवसर पर सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अविरल हरि जैन, अभिषेक सोनी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज, प्रदेश महासचिव मिर्जा आसिफ बेग, शाज खान, राज नागदा, भानुप्रताप सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

