कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : गोविंद सिंह राजपूत

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : गोविंद सिंह राजपूत


प्रदेश भाजपा कार्यालय में खाद्य मंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याएँ सुनीं

भोपाल, 15 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक, प्रशासनिक एवं स्थानीय जनहित से जुड़े विषय मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री राजपूत ने प्रत्येक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सुशासन, सेवा और समाधान” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और संगठन के बीच निरंतर संवाद से ही जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्‍डेलवाल द्वारा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की एक अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी व्यवस्था शुरू की गई है। इस जन-सुनवाई के माध्यम से सरकार और संगठन के बीच समन्वय और मजबूत हुआ है तथा कार्यकर्ताओं में विश्वास और सहभागिता की भावना को नई ऊर्जा मिली है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश शासन के मंत्रीगण पार्टी की भावना और कार्यकर्ताओं की जनसमस्‍याओं के अनुरूप प्रत्येक माह निर्धारित दिवस पर प्रदेश कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं से संवाद करें। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं की जनसमस्‍याओं को सुनना, समझना और समाधान हेतु यथासंभव ठोस प्रयास करना है। उन्हाेंने कहा कि “सहयोग सेल” के रूप में शुरू की गई यह पहल अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हो रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अभी से दिखाई देने लगे हैं। कार्यकर्ताओं में इस व्यवस्था को लेकर उत्साह और संतोष है, बड़ी संख्या में लोग अपनी बात रखने हेतु भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुँच रहे हैं। मंत्रियों के व्यस्त कार्यक्रम, बैठकों और क्षेत्रीय दौरों के बावजूद अब कार्यकर्ताओं को यह स्पष्टता मिल गई है कि किस दिन और किस स्थान पर मंत्री से भेंट संभव है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि यह पहल संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रही है। इस दूरदर्शी कदम के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्‍डेलवाल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए मध्‍यप्रदेश शासन के मंत्रीगणों को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story