मप्रः जल गंगा संवर्धन अभियान में भिंड में जन सहभागिता से प्रारंभ हुआ कार्य
- जलकुंभी हटाने से चमकने लगा गौरी सरोवर का जल
भोपाल, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में जल संरक्षण की दिशा में एक अनूठी मिसाल कायम करते हुए गौरी सरोवर पर विशाल श्रमदान कार्यक्रम निरंतर आयोजित किया जा रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने मिलकर जलकुंभी हटाने का बीड़ा उठाया। यह प्रयास न केवल सरोवर को स्वच्छ बनाने में सफल रहा, बल्कि सामूहिक एकता का प्रतीक भी बन गया।
रविवार को कार्यक्रम में भिंड कलेक्टर किरोड़ीमल मीणा ने खुद बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तो पर्यावरण संरक्षण जैसे बड़े लक्ष्य हासिल करना संभव हो जाता है। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों ने सरोवर किनारे जमा जलकुंभी को हटाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे विशेष बना दिया। सभी लोग श्रमदान में जुटे।
गौरी सरोवर कभी जलकुंभी की चपेट में था। इसे नया स्वरूप प्राप्त हो रहा है। ऐसे अभियान से न केवल जल स्रोत स्वच्छ होंगे, बल्कि सामुदायिक भावना भी मजबूत होगी। जिला प्रशासन ने इसे मॉडल के रूप में अन्य तालाबों पर लागू करने की योजना बनाई है। जिला प्रशासन द्वारा सभी से जल गंगा संवर्धन में सहभागी बनने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

