मप्र: महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, एनसीआरबी आंकड़ों का दिया हवाला

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, एनसीआरबी आंकड़ों का दिया हवाला


भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) 2024 के आंकड़े महिलाओं के खिलाफ अपराधों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं और सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे कहा कि एनसीआरबी के अनुसार वर्ष 2024 में प्रदेश में दहेज हत्या के 450 और घरेलू हिंसा के 7,514 मामले दर्ज किए गए हैं। ये आंकड़े महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार के दावों और जमीनी स्थिति के बीच अंतर को दर्शाते हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल में भी महिलाओं के खिलाफ अपराध चिंताजनक स्तर पर बने हुए हैं। उनके अनुसार मुरैना जिले में दहेज हत्या के 25 मामले दर्ज हुए, जबकि ग्वालियर में घरेलू हिंसा के 582 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के आधार पर महिला सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की आवश्यकता है।

पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला सम्मान और सशक्तिकरण की बात तो करती है, लेकिन दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और त्वरित न्याय व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित योजनाओं और उनके परिणामों को सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही कहा कि दहेज हत्या और घरेलू हिंसा के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की विशेष समीक्षा कर जवाबदेही तय की जाए तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story