मप्र के छिंदवाड़ा का वॉश ऑन व्हील्स प्लस फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम चरण में पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के छिंदवाड़ा का वॉश ऑन व्हील्स प्लस फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम चरण में पहुंचा


छिन्दवाडा, 26 जुलाई (हि.स.)। स्वच्छता एवं वॉश (जल, स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार) के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अभिनव पहल वॉश ऑन व्हील्स प्लस ने फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन (आईएससी-फिक्की) सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 में अपनी मजबूत दावेदारी और सशक्त कर दी है।

जनसम्पर्क अधिकारी नीलू सोनी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक चरण में तीन श्रेणियों में एग्जीक्यूटिव जूरी के समक्ष सफलतापूर्वक प्रस्तुतीकरण देने के बाद जिला पंचायत छिंदवाड़ा का चयन मुख्य जूरी (अंतिम चरण) के लिए किया गया। इसके अंतर्गत 25 जुलाई को आयोजित अंतिम जूरी बैठक में वॉश के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कौशल विकास पहल तथा विद्यालयों में वॉश पर विशेष फोकस श्रेणियों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से जिले के नवाचार का विस्तृत एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, मुख्य जूरी में देश के प्रख्यात वैज्ञानिक एवं पद्म विभूषण डॉ. आर.ए. माशेलकर सहित स्वच्छता एवं वॉश क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ जूरी सदस्य के रूप में शामिल थे। इनके समक्ष वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल की अवधारणा, प्रभावी क्रियान्वयन, कौशल विकास, विद्यालयों में स्वच्छता एवं पेयजल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, जल एवं स्वच्छता परिसंपत्तियों के सतत रखरखाव, नवाचार, सामुदायिक सहभागिता तथा व्यवहार परिवर्तन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान जूरी सदस्यों द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए मॉडल की उपयोगिता एवं नवाचार की सराहना की गई।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 01 जुलाई को वॉश प्रणाली के सतत रखरखाव एवं सामुदायिक प्रबंधन में उत्कृष्टता श्रेणी तथा 06 एवं 07 जुलाई को अन्य श्रेणियों के लिए एग्जीक्यूटिव जूरी के समक्ष सफलतापूर्वक प्रस्तुतीकरण किया गया था। एग्जीक्यूटिव जूरी द्वारा चयनित किए जाने के बाद ही जिला पंचायत, छिंदवाड़ा को वॉश के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कौशल विकास पहल एवं विद्यालयों में वॉश पर विशेष फोकस श्रेणियों में अंतिम मुख्य जूरी के समक्ष प्रस्तुतीकरण का अवसर प्राप्त हुआ।

जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले की वॉश ऑन व्हील्स पहल को वर्ष 2025 में फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसी सफल मॉडल को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप देते हुए जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत वॉश ऑन व्हील्स प्लस पहल संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई, सिंगल विलेज स्कीम के वितरण वाल्व का रखरखाव, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में स्थापित पानी की टंकियों की स्वच्छता, घरेलू नल कनेक्शन एवं नल-टोटियों की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों का नियमित रखरखाव तथा स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन एवं जनभागीदारी को प्रभावी रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। यह मॉडल जल एवं स्वच्छता परिसंपत्तियों के सतत रखरखाव के साथ-साथ ग्रामीण समुदाय को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में संचालित यह नवाचार जिला पंचायत की स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) टीम एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर छिंदवाड़ा जिले की विशिष्ट पहचान स्थापित की है। मुख्य जूरी के समक्ष सफल प्रस्तुतीकरण के साथ अब जिले को फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन सैनिटेशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story