मप्र में विजयादशमी पर 3,615 परिवारों को मिली पक्के मकान की सौगात, गृह-प्रवेश कराया गया

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में विजयादशमी पर 3,615 परिवारों को मिली पक्के मकान की सौगात, गृह-प्रवेश कराया गया


भोपाल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों और प्रतिबद्धता के फलस्वरूप विजयादशमी के अवसर पर प्रदेश के 3,615 शहरी परिवारों को उनके स्वयं के पक्के मकान की सौगात मिली है। विजयादशमी के पर्व पर सभी परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया।

जनसम्पर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि 'प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी' (पीएमएवाय-यू) के अंतर्गत राज्य शासन के कुशल नेतृत्व में जुलाई 2026 से 18 अक्टूबर 2026 की अवधि में इंदौर संभाग में 964, जबलपुर संभाग में 565, सागर संभाग में 534, उज्जैन संभाग में 547, भोपाल संभाग में 464, ग्वालियर संभाग में 208, नर्मदापुरम् संभाग में 177, रीवा संभाग में 104, चंबल संभाग में 32, शहडोल संभाग में 20 के साथ कुल 3,615 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया, जिनमें हितग्राहियों का विधि-विधान से गृह-प्रवेश कराया गया। पावन पर्व के विशेष अवसर पर अपने सपनों का घर मिलने से हितग्राही परिवारों में अत्यंत हर्ष का वातावरण रहा।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा योजना के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन का ही परिणाम है। राज्य शासन द्वारा शहरी क्षेत्रों के जरूरतमंद नागरिकों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति दी जा रही है। निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और गुणवत्ता का ध्यान रखे जाने से ही यह लक्ष्य हासिल हो सका है।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, राज्य सरकार की इस जन-कल्याणकारी पहल से हितग्राहियों को पक्की छत के साथ-साथ नल-जल, बिजली और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएँ भी सुनिश्चित की जा रही हैं। दशहरे के शुभ अवसर पर सम्पन्न हुआ यह गृह-प्रवेश कार्यक्रम हितग्राहियों के जीवन में सुरक्षा, स्थायित्व और सामाजिक सशक्तिकरण लाने की दिशा में मध्य प्रदेश सरकार की एक और महत्वपूर्ण सफलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story