विदिशाः लटेरी में चला वाहनों की सघन चेकिंग अभियान, 83 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः लटेरी में चला वाहनों की सघन चेकिंग अभियान, 83 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला


विदिशा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में आमजन को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाहनों की सघन जांच कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को लटेरी में नोडल अधिकारी के रूप में कार्य संपादित करते हुए जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा द्वारा वाहनों की चेकिंग कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान विभिन्न वाहनों के दस्तावेज, संचालन संबंधी नियमों तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान 06 वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से 05 वाहनों से कुल 83 हजार रुपए का शमन शुल्क वसूल किया गया।वहीं, शेष 01 वाहन को प्रकरण के निराकरण की प्रत्याशा में जब्त कर पुलिस थाना लटेरी में सुरक्षार्थ रखा गया है।

स्कूल एवं यात्री बसों की विशेष जांच

वाहन चेकिंग के दौरान विशेष रूप से स्कूल बसों एवं यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की गई। परिवहन विभाग द्वारा बसों में यात्रियों एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक प्रावधानों के पालन की स्थिति का जायजा लिया गया। जांच के दौरान एक यात्री बस का संचालन नियम विरुद्ध पाए जाने पर उसे जब्त कर कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आमजन की सुरक्षा और नियमों के पालन को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा वाहनों की जांच निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों को पूर्ण रखते हुए ही वाहनों का संचालन करें, ताकि यात्रियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story