विदिशाः खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध-दही सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों के लिए नमूनें
विदिशा, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में मिलावट के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न दूध विक्रेताओं, डेयरियों एवं दुग्ध शीत केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण एम. श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को गंजबासौदा स्थित सिरोंज रोड के दुग्ध शीत केंद्र से मिश्रित दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं विदिशा शहर के तिलक चौक स्थित श्री धी डेयरी एंड प्रोडक्ट्स का निरीक्षण कर टोंड मिल्क, स्कीम मिल्क तथा दही के नमूने संग्रहित किए गए।
उन्होंने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा मिलावट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी अथवा संदिग्ध खाद्य पदार्थों का विक्रय होने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिले में मिलावट के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

