विदिशाः संभागायुक्त ने ग्राम रंगई पहुंचकर जनगणना कार्यों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः संभागायुक्त ने ग्राम रंगई पहुंचकर जनगणना कार्यों का किया निरीक्षण


विदिशा, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को विदिशा जिले के ग्राम रंगई पहुंचकर संचालित जनगणना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार डामोर द्वारा ग्राम में जनगणना से संबंधित गतिविधियों की जानकारियां साझा की गई।

संभागायुक्त सिंह ने संबंधित अधिकारियों से जनगणना कार्य की प्रगति, घर-घर सर्वे, डेटा संकलन एवं नागरिकों की सहभागिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं समय-सीमा में संपादित किया जाए, ताकि शासन को सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सिंह ने प्रगणक एवं सुपरवाइजर से संवाद कर जनगणना की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने नक्शे का अवलोकन किया तथा बापू की कुटिया का ऑनलाइन एचएल एप्स के माध्यम से की गई गणना प्रक्रिया को देखा। इस दौरान पटवारी, मास्टर ट्रेनर एवं फील्ड ट्रेनर द्वारा जियोटेक मैप का भी प्रदर्शन कर जानकारी दी गई।

संभागायुक्त ने गांव में कुल मकानों की संख्या एवं सर्वे की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ऑनलाइन मोबाइल एप के माध्यम से भवन क्रमांक 52 से संबंधित जानकारी का भी अवलोकन किया तथा डिजिटल माध्यम से किए जा रहे जनगणना कार्य की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने संभागायुक्त को जिले में संचालित जनगणना कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार जनगणना कार्य सुव्यवस्थित रूप से संपादित किया जा रहा है तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है। निरीक्षण भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया, एसडीएम क्षितिज शर्मा के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनगणना से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story