विदिशाः संभागायुक्त और आईजी ने लिया मानौरा मेले की तैयारियों का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः संभागायुक्त और आईजी ने लिया मानौरा मेले की तैयारियों का जायजा


विदिशाः संभागायुक्त और आईजी ने लिया मानौरा मेले की तैयारियों का जायजा


- रथ मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत वायरिंग और पार्किंग प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

विदिशा, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में आगामी मानौरा मेला के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा तथा पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रुचि वर्धन मिश्र ने गुरुवार को संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने रथ मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बताया कि 15 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले उक्त मेला के लिए आवश्यक तमाम प्रबंध सुनिश्चित किए जा चुके हैं।

संभागायुक्त शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि रथ यात्रा के निर्धारित मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने मार्ग का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को संपूर्ण रूट की विद्युत वायरिंग की तकनीकी जांच कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर उसे सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि रथ मार्ग के दोनों ओर स्थित निर्माणाधीन भवनों एवं कच्चे मकानों की छतों पर किसी भी दर्शक को चढ़ने न दिया जाए। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमले द्वारा सतत निगरानी रखी जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं।

पुलिस महानिरीक्षक रुचि वर्धन मिश्र ने मेला अवधि के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों का संचालन, आपातकालीन निकास मार्ग तथा सुरक्षा व्यवस्था की समुचित योजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

भ्रमण के दौरान संभागायुक्त एवं आईजी ने सबसे पहले मानौरा स्थित श्री भगवान जगदीश स्वामी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा मेले के सफल, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न आयोजन की कामना की।

निरीक्षण भ्रमण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मेला आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी, जिस पर संभागायुक्त एवं आईजी ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

यशोदा एडॉप्शन सेंटर के शिशु को मिला नया परिवार

भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित यशोदा एडॉप्शन सेंटर, विदिशा में निवासरत एक शिशु को केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुरुवार को महाराष्ट्र के एक योग्य एवं पात्र दत्तक परिवार को विधिवत सुपुर्द किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता कांसवा ने बताया कि दत्तक ग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए संपन्न की गई। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण तथा अन्य सभी कानूनी औपचारिकताओं के उपरांत शिशु को उसके नए परिवार को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को परिवार का स्नेह, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य प्राप्त होना उसका अधिकार है। दत्तक ग्रहण के माध्यम से निराश्रित एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को प्रेमपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उनके जीवन को नई दिशा और बेहतर अवसर मिलते हैं।

इस अवसर पर जिला चिकित्सालय विदिशा के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेंद्र छारी, महिला एवं बाल विकास विभाग से सरिता शुक्ला एवं संतोष रघुवंशी तथा विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित यशोदा एडॉप्शन सेंटर के सामाजिक कार्यकर्ता श्री शुभम गुप्ता उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि विदिशा जिले से अब तक 32 बच्चों का सफलतापूर्वक दत्तक ग्रहण कराया जा चुका है, जिनमें 5 बच्चों को विदेशी परिवारों तथा 27 बच्चों को भारतीय परिवारों ने गोद लिया है। यह उपलब्धि जिले में बाल संरक्षण एवं पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे सतत एवं संवेदनशील प्रयासों का प्रमाण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story