विदिशाः उप सचिव गोपाल वर्मा ने पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः उप सचिव गोपाल वर्मा ने पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय का किया निरीक्षण


विदिशा, 26 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित जन विश्वास अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव गोपाल वर्मा ने शनिवार को विदिशा में पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अनुशासन, छात्राओं की उपस्थिति तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यालय की व्यवस्थाओं और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण से प्रभावित होकर वर्मा ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

उप सचिव वर्मा ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण कार्य का जायजा लिया तथा छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर एवं अध्ययन संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों, छात्राओं की उपस्थिति तथा नामांकन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पाया।

वर्मा ने विद्यालय में छात्राओं की बेहतर उपस्थिति, नामांकन में हुई वृद्धि तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे नवाचारों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा शिक्षण कार्य के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति दिखाई जा रही प्रतिबद्धता सराहनीय है। विद्यालय में सकारात्मक एवं सीखने के अनुकूल वातावरण तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

निरीक्षण के दौरान उप सचिव वर्मा ने छात्राओं के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने के संबंध में शिक्षकों को आवश्यक सुझाव एवं महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने शिक्षण प्रक्रिया को छात्र-केंद्रित बनाने, विषय की बेहतर समझ विकसित करने तथा छात्राओं की प्रतिभा एवं रुचि के अनुरूप उन्हें आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि नियमित मूल्यांकन एवं छात्राओं की व्यक्तिगत प्रगति पर ध्यान देकर शैक्षणिक उपलब्धियों में और सुधार किया जा सकता है।

इस अवसर पर उप सचिव गोपाल वर्मा द्वारा विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का गरिमामय विमोचन भी किया गया। उन्होंने विद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाली वार्षिक पत्रिका के प्रकाशन की सराहना की। विद्यालय निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. दीप्ति शुक्ला, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अलका बागड़ी, एच.सी. सूर्यवंशी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story