विदिशाः संभागायुक्त शर्मा ने कुरवाई में एसडीएम व तहसील न्यायालय का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः संभागायुक्त शर्मा ने कुरवाई में एसडीएम व तहसील न्यायालय का किया औचक निरीक्षण


- अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश

विदिशा, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को विदिशा जिले के कुरवाई अनुविभाग का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम कार्यालय, एसडीएम न्यायालय एवं तहसील न्यायालय का निरीक्षण करते हुए कार्यालयीन अभिलेखों, लंबित प्रकरणों एवं राजस्व संबंधी कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त शर्मा ने विभिन्न शाखाओं में संधारित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से प्रकरणों के निराकरण की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े राजस्व एवं अन्य आवेदन-पत्रों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

एसडीएम कार्यालय परिसर में कराया वृक्षारोपण

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने एसडीएम कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पौधरोपण के साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ उनकी सुरक्षा और संवर्धन भी जरूरी है।

अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा

भ्रमण के दौरान संभागायुक्त शर्मा ने एसडीएम, एसडीओपी, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आगामी तीज-त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

संभागायुक्त ने एसडीएम, एसडीओपी, सीईओ एवं तहसीलदार को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

पटवारियों की ग्रामों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

संभागायुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि पटवारियों की अपने-अपने हल्का क्षेत्रों एवं संबंधित ग्रामों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पटवारी ग्राम स्तर पर लोगों की समस्याओं एवं राजस्व संबंधी शिकायतों को सुनकर उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण कराएं।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और सभी प्रकरण निर्धारित समय-सीमा में निराकृत हों। इस अवसर पर एसडीएम एम.एल. अहिरवार, एसडीओपी, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story