विदिशाः मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से जिले की 2.71 लाख लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किए 40 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से जिले की 2.71 लाख लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किए 40 करोड़ रुपये


विदिशा, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत माह जुलाई 2026 की आर्थिक सहायता राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरण किया। इस अवसर पर विदिशा जिले की 2,71,446 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में लगभग 40 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।

विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता लोढ़ा के निर्देशन में रविवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिलेभर के आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायत मुख्यालयों एवं नगरीय निकायों में सजीव (लाइव) प्रसारण कराया गया। बड़ी संख्या में लाड़ली बहनों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री का उद्बोधन देखा व सुना गया है।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी पहल है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता प्राप्त हो रही है तथा उनके परिवारों को भी संबल मिल रहा है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता लोढ़ा ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिले के सभी परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व से आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। सभी केन्द्रों पर हितग्राही महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सफल प्रसारण कराया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरण का लाइव प्रसारण देखा तथा प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में कार्यक्रम उत्साह, उल्लास एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story