विदिशाः उन्नत उद्यानिकी तकनीक सीखने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हुए 30 कृषक

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः उन्नत उद्यानिकी तकनीक सीखने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हुए 30 कृषक


- जिपं अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया

विदिशा, 22 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से 30 किसानों का दल उन्नत उद्यानिकी तकनीक सीखने के लिए रविवार को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुआ है। जिला पंचायत परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, नटेरन कृषि स्थायी समिति के सभापति गजेन्द्र सिंह राजपूत व अन्य जनप्रतिनिधियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सहायक कृषि संचालक एसएल सोलंकी ने बताया कि उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा राज्य पोषित योजना अंतर्गत विदिशा जिले के कृषकों को उन्नत उद्यानिकी तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से पांच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के 30 कृषकों का दल 22 से 26 फरवरी तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।

उन्होंने बताया कि कृषक दल प्रशिक्षण के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिट्रस, झांसी, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ सबट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर, रहमानखेड़ा लखनऊ, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिनल एंड अरोमैटिक प्लांट्स, लखनऊ, नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड में पंजीकृत मलिहाबाद स्थित नर्सरियों तथा आचार्य नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, कुमारगंज अयोध्या का भ्रमण करेंगे। भ्रमण स्थानों पर कृषकों को फल, सब्जी, औषधीय एवं सुगंधित फसलों की उन्नत किस्मों, पौध उत्पादन, आधुनिक प्रबंधन तकनीकों एवं उद्यानिकी आधारित स्वरोजगार के संबंध में व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी।

सोलंकी ने बताया कि इस प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम के लिए ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी रामचंद्र वर्मा को दल प्रभारी के रूप में अधिकृत किया गया है, जो कृषकों को प्रशिक्षण के दौरान मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कृषक अपने-अपने क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उद्यानिकी फसलों का विस्तार करेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी तथा जिले में उद्यानिकी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। यह कार्यक्रम कृषकों के कौशल विकास एवं कृषि आधारित आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story