मप्रः इंदौर में 28 अक्टूबर को होगा अर्बन कॉन्क्लेव, नगरीय विकास आयुक्त की तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः इंदौर में 28 अक्टूबर को होगा अर्बन कॉन्क्लेव, नगरीय विकास आयुक्त की तैयारियों की समीक्षा


भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे ने सोमवार को आगामी 28 अक्टूबर को इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले 'अर्बन कॉन्क्लेव' की पूर्व तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कार्यक्रम के सुचारू संचालन, अंतर-विभागीय समन्वय तथा व्यवस्थागत पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए समस्त दायित्वों एवं प्रबंधों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश जारी किए।

आयुक्त संकेत भोंडवे ने कॉन्क्लेव में भाग लेने वाले विषय-विशेषज्ञों, उद्योगपतियों, निवेशकों तथा प्रतिष्ठित नीतिगत संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गरिमामयी एवं प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन के माध्यम से प्रदेश में नगरीय विकास के नवीन आयामों, अत्याधुनिक तकनीकी अनुप्रयोगों तथा सतत् निवेश की अपार संभावनाओं पर गंभीर एवं परिणामन्मुखी विचार-विमर्श होना चाहिए, जिससे राज्य के शहरी परिदृश्य को वैश्विक मानकों के अनुरूप नई दिशा मिल सके।

बैठक में बताया गया कि ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में आयोजित इस बहुआयामी अर्बन कॉन्क्लेव में टियर-2 शहरों के सुव्यवस्थित एवं नियोजित विकास, री-डेंसिफिकेशन नीतियों, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट, वैज्ञानिक भूमि उपयोग तथा आधुनिक शहरी विकास मॉडल पर देश-विदेश के प्रख्यात विशेषज्ञों द्वारा गहन मंथन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रूपांतरित करना तथा नागरिकों को विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नवाचारों एवं नवीन संभावनाओं को गति प्रदान करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story