यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 24 मई को, इंदौर में 12,104 परीक्षार्थी होंगे सम्मिलित

WhatsApp Channel Join Now
यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 24 मई को, इंदौर में 12,104 परीक्षार्थी होंगे सम्मिलित


इंदौर, 23 मई (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), नई दिल्ली द्वारा 24 मई 2026 (रविवार) को 'सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026' को दो सत्र में प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे (प्रथम सत्र) एवं दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक (द्वितीय सत्र) में आयोजित की जाएगी। मध्य प्रदेश के इंदौर में 27 परीक्षा उपकेन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 12,104 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

इस परीक्षा के लिए आयोग द्वारा आयुक्त, इंदौर संभाग इंदौर को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा समन्वयक अधिकारी के सहयोग के लिए शैली कनाश, संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन) इंदौर संभाग, इंदौर को प्रभारी परीक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

संयुक्त आयुक्त शैली कनाश ने शनिवार को बताया कि परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा प्रारंभ होने के 1.30 घंटे पूर्व प्रारंभ हो जाएगा। परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रथम सत्र में प्रातः 9.00 बजे एवं द्वितीय सत्र में दोपहर 2.00 बजे बंद कर दिया जायेगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि असुविधा से बचने के लिये समय से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे। परीक्षार्थियों का प्रवेश आयोग द्वारा जारी किये गये प्रवेश पत्र एवं मूल आई.डी. के आधार पर होगा।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश के दौरान मोबाईल फोन, डिजिटल घड़ियां, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, आई.टी. गैजेट्स, अन्य कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण अथवा कोई भी ऐसा उपकरण जो संचार माध्यम के रूप में उपयोग किया जा सकता हो, लाईटर/माचिस आदि, हैंड बैग परीक्षा स्थल के अंदर ले जाना प्रतिबंधित है। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में कोई भी मूल्यवान अथवा मंहगी वस्तु साथ में न लाये। यदि कोई परीक्षार्थी ऐसा कोई प्रतिबंधित सामान साथ लाता है, तो वह उन्हें परीक्षा स्थल के बाहर सुरक्षित रखने की व्यवस्था स्वयं करेगा तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की हानि के लिये आयोग उत्तर दायी नहीं होगा।

परीक्षार्थी केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र, पेन पेन्सिल, पहचान पत्र स्व फोटोग्राफ की प्रतियां (जहां लागू हो) तथा ई-प्रवेश पत्र में दिये गये निर्देश अनुसार ही वस्तुएँ परीक्षा स्थल पर साथ ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त कोई अन्य वस्तु परीक्षा स्थल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों की फीस्किंग के उपरांत आयोग द्वारा ऐप के द्वारा परीक्षार्थियों का फेस प्रमाणीकरण किया जायेगा। इसके उपरांत परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जायेगा। परीक्षा समन्वयक द्वारा संभागायुक्त कार्यालय, इंदौर में परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story