मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की वृंदावन से लौटते वक्त तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती की तबीयत मंगलवार को वृंदावन से लौटते समय खराब हो गई। उन्हें तत्काल जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, उमा भारती सोमवार को वृंदावन पहुंची थीं। मंगलवार को वहां से लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंच गए। बुलंदशहर अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा, रबूपुरा नगर पंचायत के अध्यक्ष शशांक सिंह भी उमा भारती का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। इनके अलावा, अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भी उमा भारती से मुलाकात की।
दरअसल, उमा भारती ने सोमवार को वृंदावन में कात्यायनी देवी मंदिर में देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना की थी। उन्होंने वहां देश में गौ रक्षा, राष्ट्र की सुरक्षा एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि व काशी विश्वनाथ की मुक्ति के लिए देवी मां से प्रार्थना की। उन्होंने दर्शन करने के बाद वृंदावन में यमुना नदी में हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया था। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा था कि इतने लंबे समय बाद ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ है, जिससे न केवल हम, बल्कि स्वयं यमुना मैया भी दुखी होंगी। उन्होंने इस संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी से इनकार किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

