उज्जैनः कालभैरव मंदिर में वीआईपी दर्शन पर रोक, गर्भगृह भी बंद
- भीड़ के चलते प्रशासन का फैसला
उज्जैन, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने 500 रुपये की वीआईपी दर्शन रसीद जारी करना फिलहाल बंद कर दिया है। इसके साथ ही मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अगले आदेश तक श्रद्धालुओं को सामान्य कतार में लगकर ही दर्शन करने होंगे।
मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया है कि वीआईपी दर्शन की रसीद लेने वालों को भी तीन से चार घंटे तक कतार में इंतजार करना पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार को वीआईपी दर्शन की सुविधा स्थगित करने का निर्णय लिया है।
भीड़ के हिसाब से तय होगी व्यवस्था
आमतौर पर शनिवार और रविवार को 500 रुपये वाली वीआईपी दर्शन रसीद जारी नहीं की जाती थी, लेकिन अब भीड़ की स्थिति को देखते हुए दूसरे दिनों में भी इस पर रोक लगा दी गई है। मंदिर कर्मचारियों के मुताबिक, श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर वीआईपी व्यवस्था बंद रखी जाती है। सोमवार को भी भीड़ का दबाव बना रहा तो रसीद व्यवस्था बहाल नहीं की जाएगी।
मंदिर के एक कर्मचारी ने बताया कि तहसीलदार के निर्देश पर गर्भगृह को भी फिलहाल पूरी तरह बंद रखा गया है। दर्शन व्यवस्था कब सामान्य होगी, इस बारे में अभी कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है। स्थिति सामान्य होने के बाद अधिकारियों से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। तब तक सभी श्रद्धालु सामान्य दर्शन व्यवस्था के तहत ही कालभैरव के दर्शन कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

