उज्जैन में शिप्रा को निर्मल बनाने के लिए साधु-संतों ने शुरू की प्रदक्षिणा यात्रा, रामघाट से हुई शुरुआत
- 24 नवंबर को लौटेगी यात्रा, 5100 दीपों से होगा दीपदान
उज्जैन, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मां शिप्रा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह रामघाट से संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा शुरू हुई। त्रिशूल शिवगण वाहिनी के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय यात्रा में बड़ी संख्या में साधु-संत, महंत, महामंडलेश्वर और श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से शिप्रा के संरक्षण, स्वच्छता और निरंतर प्रवाह का संदेश दिया जा रहा है। इसका समापन 24 नवंबर को रामघाट पर होगा।
यात्रा की शुरुआत शनिवार को रामघाट पर मां शिप्रा के पूजन और संतों के आशीर्वचन के साथ हुई। ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और आयोजन को आशीर्वाद दिया।
प्रदक्षिणा का पहला पड़ाव देवलघाट, ग्राम बोलासा में निर्धारित है। यहां से यात्रा ग्राम शिप्रा और दकनाखेड़ी होते हुए नदी के उद्गम स्थल उज्जैनी स्थित केवड़ेश्वर धाम पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद अगले चरण में यात्रा गंभीर और चंबल नदी के संगम तक जाएगी। इसके बाद विभिन्न घाटों और धार्मिक स्थलों से गुजरते हुए 24 नवंबर की शाम करीब पांच बजे रामघाट पहुंचेगी।
सिंहस्थ में शिप्रा के जल से स्नान कराने का संकल्प
यात्रा में शामिल संतों ने कहा कि नदियां प्रकृति और जीवन का आधार हैं। मां शिप्रा का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व विशेष है। उनका प्रवाह अविरल बना रहे, ताकि आगामी सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को शिप्रा के जल में स्नान करने का अवसर मिल सके। इसी संकल्प के साथ प्रदक्षिणा यात्रा निकाली जा रही है।
संतों ने बताया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने भी शिप्रा को स्वच्छ और प्रवाहमान बनाने के प्रयासों में सहभागिता का संदेश दिया है। उन्होंने सरकार से आगामी सिंहस्थ का आयोजन शिप्रा के जल में ही स्नान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संकल्प को पूरा करने की अपील की।
पड़ावों पर श्रमदान और वृक्षारोपण, 5100 दीपों से होगा दीपदान
त्रिशूल शिवगण वाहिनी के त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने बताया कि यात्रा के दौरान सभी पड़ावों पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण, स्वच्छता के लिए श्रमदान, वृक्षारोपण और धर्म चेतना सभाएं होंगी। 24 नवंबर को समापन के अवसर पर 5100 दीपों से दीपदान किया जाएगा। इस दौरान धर्मगुरुओं की मौजूदगी में धर्म चेतना सभा भी आयोजित होगी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि दीपदान घाटों पर ही करें और दीपकों को नदी में प्रवाहित न करें। ऐसा करने से शिप्रा के जलीय जीवों, विशेषकर मछलियों को नुकसान से बचाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

