उज्जैनः खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 1272 लीटर घी जब्त

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 1272 लीटर घी जब्त


उज्जैन, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 8 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 1272 लीटर घी जब्त किया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा शुक्रवार को तिलक मार्ग, दौलतगंज, उज्जैन स्थित सेवकराम घनश्यामदास का निरीक्षण किया गया। इस दौरान धोलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी के नाम से 900 मि.ली., 450 मि.ली., 180 मि.ली. एवं 15 किलोग्राम टीन की पैकिंग में घी संग्रहित होना पाया गया।

बिल के आधार पर उक्त घी की खरीदी इंदौर स्थित फर्म भोले बाब मिल्क फूड प्रोडक्ट, 07-बी, उद्योग नगर, नवलखा, इंदौर से किया जाना पाया गया। धोलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी में संदेह होने पर कुल संग्रहित 1116 लीटर घी, जिसकी कुल कीमत लगभग 6,90,070 रुपये है, को जप्त कर नमूने लिए गए तथा उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा साथ ही इंदौर गेट, उज्जैन स्थित फर्म श्री शिवम इंटरप्राइजेस का निरीक्षण किया गया। मौके पर गोवर्धन प्योर घी 1 लीटर एवं 500 मि.ली. की पैकिंग में संग्रहित होना पाया गया। बिल के आधार पर उक्त घी की खरीदी पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड, जी-1, गोल्डन टॉवर, 18 गोल्डन पैलेस, नियर टी, इंदौर से किया जाना पाया गया।संदेह के आधार पर कुल संग्रहित 156 लीटर घी, जिसकी कुल कीमत लगभग 1,20,372 रुपये है, को जप्त कर नमूने लिए गए तथा उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story